Sunday, July 10, 2011

गुलज़ार साब की ओर से नया साल मुबारक़

इस बार नये साल का स्वागत करने पूर्व संध्या पर गुलज़ार साब दूरदर्शन पर देशवासियों से मुख़ातिब हुए.. थोड़ी पशोपेश में थे, क्युंकि मुम्बई धमाकों की टीस अभी तक गयी नहीं है और दूसरी तरफ़ चांद फ़तेह करने की खुशी.. कार्यक्रम की थीम थी "नये चांद की नयी सुबह".. गुलज़ार साब ने पूरे देश के लिये अपना बधाई संदेश दिया है


दोस्तो, साथियों और देशवासियों,

आप सबको नया साल मुबारक़ गये साल को अलविदा , नये साल को ख़ुशामदीद, वैलकम
आप सबको मुबारक़...

पिछले साल में ये ज़रूर हुआ कि कुछ खेलकूद में, कुछ छीनाझपटी में, कुछ लड़ाई-झगड़े में कहीं कहीं से
उसकी पोशाक़ फट गयी.. कहीं कहीं से सीवन उधड़ गयी.. लेकिन हर बार पुराना लिबास तो उतारना पड़ता है,
पुराना साल निकालना पड़ता है और नया साल पहनना पड़ता है.
इस साल फिर हमेशा की तरह ये दुआ ज़रूर करते हैं कि आपका साल सुख, शान्ति, चैन और सुकूं के साथ गुज़रे..
कोशिश यही करेंगे कि इस साल भी आपकी कहीं से ज़ेब ना फटे, कहीं से दामन ना उधड़े, कहीं से सीवन ना जाये और
ये 365 दिन आने वाले तरक्की के साथ गुज़रें.. आप तरक्की करते रहें आगे सब बढ़ते रहें..

उत्साह और उम्मीद की ये हालत है हर हिन्दुस्तानी की उसकी निगाह चांद पर है.. बल्कि ये कहना चाहिये कि एक क़दम चांद पर है और निगाह उससे आगे.. आप सब को चांद पे ये चढाई, ये फ़तेह मुबारक़ हो, और नया साल फिर से
मुबारक़!



नये साल का स्वागत और बधाई संदेश देने के बाद गुलज़ार साब ने चांद के कुछ राज़ शेयर किये अपनी नज़्मों से

देखिये साब हिंदुस्तानियों को तो अब ये आदत हो गयी है कि चांद वो इसी तरह से उड़ाते हैं जैसे पक्के मांजे के साथ बांध कर पतंग उड़ाते हैं...

हम चांद के घर जाते हैं, चांद हमारे घर आता है और जिस तरह से आता है मैं आपको पेश करूं


जब जब पतझड़ में पेड़ों से पीले पीले पत्ते मेरे लान मे आकर गिरते हैं
रात में छत पर जाकर मैं आकाश को तकता रहता हूं
लगता है एक कमज़ोर सा पीला चांद भी शायद
पीपल के सूखे पत्ते सा लहराता लहराता मेरे लान में आकर उतरेगा


चांद के आने का एक और अन्दाज़

गर्मी से कल रात अचानक आंख खुली तो
जी चाहा कि स्विमिंग पूल के ठंडे पानी में एक डुबकी मार के आऊं
बाहर आके स्विमिंग पूल पे देखा तो हैरान हुआ
जाने कब से से बिन पूछे इक चांद आय और मेरे पूल मे लेटा था और तैर रहा था
उफ़्फ़ कल रात बहुत गर्मी थी



एक और सुनिये

एक नज़्म मेरी चोरी कर ली कल रात किसी ने
यहीं पड़ी थी बालकनी में
गोल तिपाही के ऊपर थी
व्हिस्की वाले ग्लास के नीचे रखी थी
नज़्म के हल्के हल्के सिप मैं
घोल रहा था होठों में
शायद कोई फोन आया था
अन्दर जाकर लौटा तो फिर नज़्म वहां से गायब थी
अब्र के ऊपर नीचे देखा
सूट शफ़क़ की ज़ेब टटोली
झांक के देखा पार उफ़क़ के
कहीं नज़र ना आयी वो नज़्म मुझे
आधी रात आवाज़ सुनी तो उठ के देखा
टांग पे टांग रख के आकाश में
चांद तरन्नुम में पढ़ पढ़ के
दुनिया भर को अपनी कह के
नज़्म सुनाने बैठा था


शुक्रिया!



- गुलज़ार

No comments: